ओटावा( कनाडा)। जमाना तेजी से बदल रहा है। लोग देर से शादी कर रहे हैं और देर से बच्चे भी पैदा कर रहे हैं लेकिन देर से बच्चे पैदा करने की वजह से मां को खतरा रहता है। अगर आपकी उम्र 35 साल से ज्यादा हो गई है तो आपको बच्चे पैदा करने के लिए डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए। एक स्टडी में ये बात सामने आई है कि जो महिलाएं 35 साल के बाद मां बनती हैं, उन महिलाओं और उनके बच्चे को दिल की बीमारी होने का खतरा ज्यादा रहता है।
चूहों पर किया गया एक्सपेरिमेंट
कनाडा के अल्बर्टा यूनिवर्सिटी के रिसर्चर्स ने चूहों पर एक्सपेरिमेंट किया। उन्होंने पाया कि अधिक उम्र में मां बनने से स्ट्रोक का खतरा भी हो सकता है। रिसर्चर्स ने बताया कि जो महिलाएं 35 साल या उसके बाद मां बनती हैं, उनके बच्चों में हृदय रोग की आशंका ज्यादा रहती है। यह संभावना ज्यादा लड़कों में होती है।
ऐसे किया गया रिसर्च
रिसर्चर्स ने 3 बूढ़ी चुहियों का ग्रुप तैयार किया। एक ग्रुप में वो चुहिया थीं जिन्होंने हाल ही में बच्चे पैदा किए थे। दूसरे ग्रुप में वो चुहियां थीं जिनका मिसकैरेज हो गया था और तीसरे ग्रुप में वो चुहियां थीं जो कभी मां नहीं बनीं। जिन चुहियों ने अपना बच्चा खोया, उनमें हृदय रोग की संभावना उन चुहियों से ज्यादा थी जो कभी प्रेग्नेंट नहीं हुईं। जो चुहियां मां बनीं उनमें और उनके बच्चों में भी हृदय रोग का खतरा था। ये खतरा मेल चूहों में ज्यादा था।
क्या कहना है डॉक्टर का
अल्बर्टा विश्वविद्यालय में महिला और बच्चों के स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान के कार्यकारी निदेशक डॉ. सैंड्रा डेविड ने कहा कि अधिक उम्र में मां बनने वाली महिलाओं को हृदय रोग से बचाने के लिए दवाइयां दी जा सकती हैं। इसके लिए उन्हें अपने लाइफस्टाइल को बदलना जरूर चाहिए। उन्होंने बताया कि आजकल महिलाएं जल्दी मां बनना नहीं चाहती हैं। अधिक उम्र में मां बनने का चलन जोरों पर है। ऐसे में यह स्टडी काफी मददगार साबित हो सकती है।