- विधायक सुरेंद्र सिंह ने फिर दिया विवादित बयान, कहा – पैसे लेकर भी काम नहीं करते अफसर
बलिया। यूपी से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह एक बार फिर अपने विवादित बयान के कारण सुर्खियों में आ गए हैं। इस बड़बोले विधायक ने सरकारी अधिकारियों की तुलना वेश्याओं से की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकारी अधिकारी पैसा लेने के बाद भी काम नहीं करते हैं। चारों तरफ उनके इस बयान की आलोचना हो रही है।
क्या कहा था विधायक ने ?
बलिया जिले के बैरिया विधानसभा से विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक दिन पहले तहसील दिवस में लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘तहसील की हालत तो वेश्यालय से बदतर हो गई है। इन अधिकारियों और कर्मचारियों से तो अच्छी वेश्याएं हैं जो पैसा लेकर नाचने के लिए तैयार हो जाती हैं। ये अधिकारी और कर्मचारी तो पैसा लेकर भी आपका काम कर देंगे, इसकी कोई गारंटी नहीं हैं।’
‘अधिकारी घूस मांगे तो घूंसा दो’
विधायक सुरेंद्र सिंह इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने कहा कि अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी आपसे घूस मांगता है तो उनको घूंसा मारो और इस पर भी नहीं मानता है तो उसे जूता मारो।’ बता दें कि सुरेंद्र सिंह तहसील कार्यालय पर समाधान दिवस के दिन भ्रष्टाचार के खिलाफ पैदल मार्च भी निकाला था। इसके बाद वो लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘मैं विधायक रहूं या नहीं रहूं, लेकिन तहसील पर रिश्वतखोर अधिकारियों और कर्मचारियों को नहीं रहने दूंगा।’
कुलदीप सेंगर का किया था बचाव
बता दें कि सुरेंद्र सिंह ने इससे पहले उन्नाव रेप मामले में आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का बचाव करते हुए कहा था, ‘कोई भी तीन बच्चों की मां के साथ रेप नहीं कर सकता, ये संभव नहीं है। ये सेंगर के खिलाफ साजिश है।’ उनके इस बयान के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने उन्हें नोटिस भी जारी किया था।
ममता बनर्जी पर भी दिया था विवादित बयान
सुरेंद्र सिंह ने अप्रैल माह में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बारे में विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था, ‘बंगाल की सड़कों पर लोगों को मारा जा रहा है और वह मुख्यमंत्री होकर भी कुछ नहीं कर रही हैं। बंगाल में हिंदू सुरक्षित नहीं हैं, अगर ऐसा ही चलता रहा तो वहां भी जम्मू-कश्मीर जैसे हालात हो जाएंगे।’ सुरेंद्र सिंह ने अपने भाषण में कहा था, ‘ममता बनर्जी शूर्पणखा की भूमिका में हैं। ध्यान रखिएगा कि शूर्पणखा का अंत करने वाला लक्ष्मण पैदा हो गया है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी शूर्पणखा की नाक काटेगी।’