नई दिल्ली। मलयाली एक्ट्रेस प्रिया प्रकाश देखते ही देखते लाखों दिलों की धड़कन बन गई हैं। इंटरनेट सनसनी प्रिया प्रकाश एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार वह अपने एक और वीडियो को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वो ‘हवा हवा’ सॉन्ग गाती नजर आ रही हैं। प्रिया का ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि प्रिया ये गाना ग्रुप में गा रही हैं, जैसे वो किसी फंक्शन में हों।
प्रिया ने गाने से किया सबको मुग्ध
बता दें कि अर्जुन कपूर की फिल्म में आया ‘हवा-हवा’ रिमेक सॉन्ग पिछले दिनों काफी पॉपुलर हुआ था। फिल्म ‘मुबारकां’ का ये गाना रीमेक सॉन्ग है, इसे मीका सिंह और प्रकृति कक्कड़ ने गाया है। फिल्म में यह गाना अर्जुन कपूर और इलियाना डिक्रूज पर फिल्माया गया है। प्रिया भी इस गाने को गाते हुए इलियाना से कम नहीं लग रही थीं। बता दें कि प्रिया एक सिंगर भी हैं, इसलिए उन्होंने इस गाने को बड़ी ही खूबसूरती से गाया है।
‘मेरे सइयां जी से…’ गाना भी हुआ था पॉपुलर
इससे पहले भी इंस्टाग्राम पर प्रिया का एक शॉर्ट वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो रणबीर और अनुष्का की फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ का गाना ‘मेरे सइयां जी से आज मैंने ब्रेकअप कर लिया’ गाते हुए नजर आ रही हैं। यह डबस्मैश था। उनका ये वीडियो भी काफी पसंद किया जा रहा है।
इसी साल फरवरी में आई थीं चर्चा में
प्रिया प्रकाश इस साल फरवरी में सबसे पहले चर्चा में आई थीं, जब उनकी मलयालम फिल्म ‘ओरू अडार लव’ का एक गाना सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस वीडियो में प्रिया स्कूल के ऑडिटोरियम में आंख मारती नजर आई थीं, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। इस वीडियो क्लिप के बाद प्रिया प्रकाश रातों रात इंटरनेट सेंसेशन बन गई थीं। यह फिल्म इस साल ईद के मौके पर रिलीज होगी।