लंदन। एक शोध से पता चला है कि हर बार जब भी हम भोजन करते हैं, तो कम से कम 100 से ज्यादा प्लास्टिक के कण भी साथ में निगलते हैं। शोध के मुताबिक, नरम चीजों और सिंथेटिक कपड़ों से निकलने वाले पॉलिमर धूल में मिल जाते हैं। ये कण खाने की प्लेट पर जम जाते हैं और भोजन के साथ शरीर में जाते हैं। प्लास्टिक के इन कणों से गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
किसने किया शोध ?
ब्रिटेन की हैरियट वॉट यूनिवर्सिटी ने ये शोध किया है। शोध से पता चला कि 20 मिनट तक हुए डिनर के बाद पेट्री डिशों पर प्लास्टिक के 14 कण मिले। इतने कण 114 प्लास्टिक फाइबर के बराबर होते हैं। शोधकर्ताओं ने ऐसे में अनुमान लगाया है कि एक व्यक्ति सालभर में भोजन के दौरान औसतन 68 हजार 415 प्लास्टिक फाइबर कण खा जाता है।
घर की धूल में भी होता है प्लास्टिक
शोध करने वालों के मुताबिक, घर की धूल में भी प्लास्टिक होता है। खाने के दौरान इस धूल के साथ हम प्लास्टिक फाइबर के कण भी खा जाते हैं।
सांस के साथ भी शरीर में जाता है प्लास्टिक
फ्रेंड्स ऑफ अर्थ के जूलियन किर्बी ने बताया कि घर में मौजूद धूल सांस के साथ भीतर जाती है। इसमें प्लास्टिक माइक्रोफाइबर होते हैं, जो सांस के साथ शरीर में चले जाते हैं।
प्लास्टिक से क्या नुकसान ?
डॉक्टरों के मुताबिक, प्लास्टिक अगर शरीर में जाए, तो कई गंभीर बीमारियों को जन्म दे सकता है। इनमें पुरुषों में स्पर्म काउंट कम होता है। साथ ही महिलाओं में हार्मोनल इम्बैलेंस भी होता है। शरीर में लगातार प्लास्टिक जाता रहे, तो इससे कैंसर जैसी बीमारियों का भी खतरा बढ़ जाता है।